डीएम ने देवीपाटन मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था,साफ सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था एवं समुचित साफ सफाई सहित दिए आवश्यक दिशा निर्देश
1 min read
*चैत्र नवरात्रि पर थारू जनजाति की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए डीएम श्री सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सिंह की अभिनव पहल, मदिर परिसर मे थारू महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाया जा रहा पूजा सामग्री एवं उत्पादों का स्टाल*
*चैत्र नवरात्रि पर दर्शन करने एवं मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ पुलिस बल एवं कर्मचारियों, अधिकारियों का व्यवहार रहे अति उत्तम -डीएम*
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मां पाटेश्वरी के दर्शन करने के लिए आने वाले देश विदेश से लाखों श्रद्धालु को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराए जाने एवं देवीपाटन मेल को भव्य एवं सकुशल रूप से संपन्न कराए जाने हेतु डीएम श्री अरविंद सिंह द्वारा देवीपाटन मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ सफाई व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, पेयजल, भीड़ प्रबंधन आदि का जायजा लिया गया।
उन्होंने निर्देश दिए के सभी पुलिस बल द्वारा ड्यूटी स्थल पर चौकन्ना रहते हुए मेला संपन्न कराए। दर्शन एवं मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अत्यंत शिष्ट व्यवहार रखा जाए। नेपाल राष्ट्र से आने वाले श्रद्धालुओं को बॉर्डर पर परेशानी ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने मंदिर परिसर एवं मेले में साफ सफाई की समुचित व्यवस्था का निर्देश दिया, कहा कि रोस्टर के अनुसार सभी सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित किया जाए। डीएम की विशेष पहल पर मंडल से देवीपाटन मेले के लिए अतिरिक्त 90 सफाई कर्मचारी मिले हैं।
वन विभाग के अधिकारियों को वन क्षेत्र में विशेष निगरानी करते हुए तेंदुए एवं अन्य जंगली जानवर के हमले को रोके जाने का निर्देश दिया। यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन आदि के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
महिला शक्ति की आराधना के विशेष पर्व चैत्र नवरात्रि पर डीएम श्री सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सिंह द्वारा थारू महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अभिनव पहल की गई हैं।
डीएम एवं उनकी धर्मपत्नी के पहल पर थारू जनजाति की विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा मंदिर परिसर में पूजा सामग्री एवं अन्य उत्पादों का स्टॉल लगाया जा रहा है, जिससे आमदनी के साथ-साथ उत्पादों का प्रचार-प्रसार भी हो रहा है।
डीएम ने सपरिवार थारू जनजाति महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल का अवलोकन एवं निरीक्षण किया, डीएम के नन्हे मुन्ने बच्चों ने थारू महिलाओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने स्टॉल से पूजा सामग्री खरीदा एवं उनके उत्पादों की सराहना भी की। डीएम ने सपरिवार माता का दर्शन किया एवं उनका आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रमोद कुमार, एसडीएम तुलसीपुर व अन्य संबंधित अधिकारी/ कर्मचारी गण उपस्थित रहे।